मध्य प्रदेश सिवनी

लखनादौन एवं सिवनी चिकित्सालय के साथ सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स एवं स्टाफ की कमी

  • बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उपलब्धता के लिए नही होगी धन की कमी- राम किशोर कावरे

सिवनी 13 अप्रैल 2021 (लोकवाणी)। सिवनी जिले के कोविड प्रभारी एवं मध्यप्रदेश शासन के राज्यमंत्री आयुष (स्वतंत्र प्रभार) एवं जल संसाधन विभाग श्री राम किशोर कावरे द्वारा 13 अप्रैल 21 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कोरोना नियंत्रण के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन, विधायक सिवनी दिनेश राय, विधायक केवलारी श्री राकेश पाल, विधायक बरघाट श्री अर्जुन सिंह काकोडिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आलोक दुबे, कलेक्टर डॉ राहुल हरिदास फटिंग, पुलिस अधीक्षक श्री कुमार प्रतीक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जायसवाल, एसडीओपी श्री पारूल शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ केसी मेश्राम, सिविल सर्जन डॉ विनोद नावकर सहित प्राइवेट हॉस्पिटल संचालक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में सर्वप्रथम राज्यमंत्री श्री रामकिशोर कावरे ने उपस्थित अधिकारियों से कोविड-19 की रोकथाम एवं मरीजो की देखभाल के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर डॉ फटिंग ने जिले में कोरोना मरीजो के उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सिवनी एवं लखनादौन चिकित्सालय में उपलब्ध बेड एवं अन्य व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी की। उन्होंने वर्तमान में जिले में एक्टिव मरीजों में से चिकित्सालय में उपचाररत मरीजों की वर्तमान स्थिति के साथ ही कोविड कमांड सेंटर के माध्यम से मॉनीटर किये जा रहे होम आइसोलेट मरीजो की जानकारी प्रदान की।
कलेक्टर डॉ फटिंग ने वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला चिकित्सालय एवं लखनादौन चिकित्सालय के अतिरिक्त बेड व्यवस्था एवं ऑक्सीजन की अनवरत उपलब्धता एवं वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस की तत्काल व्यवस्था करने की बात कही गई। इसके साथ ही जबलपुर के चिकित्सालयों में सिवनी जिले के गंभीर मरीजों के लिए रिजर्व बेड रखने तथा जिला चिकित्सालय सिवनी में एक अतिरिक्त सीटी स्कैन मशीन लगवाने की मांग की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन द्वारा लखनादौन एवं सिवनी चिकित्सालय के साथ ही जिले के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स एवं स्टाफ की कमी को बताते हुए पर्याप्त स्टाफ उपलब्धता की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *