- सोशल मीडिया के माध्यम से की जा रही लोगों की मदद
लखनादौन/सिवनी 23 अप्रैल 2021(लोकवाणी)। जिले के लखनादौन विकासखंड मुख्यालय के निवासियों ने चलाई अनोखी मुहिम सोशल मीडिया के माध्यम से चलाकर इस कोरोना काल में लोगों की मदद करने की पहल की है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र लखनादौन के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 04 पार्षद प्रदीप राजपूत द्वारा सोशल मीडिया में एक मुहिम चलाकर संजीवनी ग्रुप का निर्माण किया, जिसमें समस्त नगरवासी एवं मित्र मंडली एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से चंदा कर लगभग 2 लाख रूपये एकत्रित किए गए। बताया गया कि इस राशि से दो ऑक्सीजन मशीन, पीपी किट सैनिटाइजर, हैंड ग्लब्स, पल्स मीटर, भाप मशीन एवं कोरोना वायरस से यदि किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है तो उसी लाने ले जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था के अलावा मरीजों के परिजनों की भोजन की व्यवस्था व अन्य आवश्यक वस्तुओं की पूर्ति की जा सकें। संजीवनी ग्रुप के माध्यम से ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सोलंकी को आज संपूर्ण खरीदी गई सामग्री सौंपी गई, साथ ही संजीवनी ग्रुप के द्वारा यह भी बताया गया है कि आने वाले समय में लगभग 10 से 15 ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है एवं कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों को लाने ले जाने हेतु एक एंबुलेंस को भी हायर करने की बात संजीवनी ग्रुप के सदस्यों के द्वारा की जा रही है ताकि कम कीमत पर आसानी से मरीजों को जबलपुर, नागपुर, सिवनी भेजा जा सके।