– वाहनों व यात्रियों की व्यवस्था बनाने में जुटा प्रशासन
सिवनी 09 फरवरी (लोकवाणी)। प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले वाहनों की भीड़ से जबलपुर-नागपुर मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई है। जहां खवासा व मढई टोल नाके पर लंबी कतारें देखी गई लगी हैं। वही हाईवे के ढाबों व होटलों में भारी भीड़ है।
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का रेला कम होने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है। रविवार की शाम सिवनी पुलिस प्रशासन को मिले संदेशों के अनुसार जबलपुर से नागपुर मार्ग पर थाना क्षेत्र धूमा, छपारा, लखनादौन, सिवनी, खवासा में प्रयागराज जाने वाले वाहनों को रोका गया है जहां वाहनों की लंबी कतारे लगी हुई है वही जिला प्रशासन यहां रूके लोगों की व्यवस्था बनाने में प्रयाासरत है।
वाहनों और श्रद्धालुओं की संख्या इस कदर बढ़ी कि प्रयागराज से 440 किमी दूर सिवनी जिले की सीमा धूमा में रोक दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रयागराज में वाहनों की संख्या अत्यधिक बढ़ने से जहां के तहां वाहनों को रोका गया है।
ज्ञात हो कि शनिवार की रात जो वाहन सिवनी से निकले है वे वाहन कटनी के जाम में फंसे हुए है। जबलपुर से नागपुर मार्ग में अंर्तराज्यीय चेक पोस्ट खवासा में प्रयागराज की ओर जाने वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। यहां पर पुलिस प्रशासन तैनात है, इतना ही नहीं प्रशासन ने वाहन सवारों के लिए नाश्ता, चाय-बिस्किट के इंतजाम किए हैं।
जिला मुख्यालय सिवनी से जबलपुर की ओर जाने वाले मार्ग में बंडोल, छपारा, लखनादौन व धूमा में हालात भीड़ वाले देखे जा रहे हैं, ऐसी कुछ स्थिति सिवनी से नागपुर की ओर जाने वाले मार्ग की है। जहां हर ढ़ावे व होटलों में भारी भीड़ देखी जा रही है। यहां वाहनों का घमासान मचा हुआ है। वही बताया जा रहा है कि हाइवे के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे का संचालन रविवार की पूरी रात जारी रहेगा, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा ना हो।
जबलपुर से नागपुर नेशनल हाईवे पर छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक के भी वाहन बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस वजह से सिवनी जिले में वाहनों की रवानगी नियंत्रित की जा रही है।
ये क्या कहते है……………….
महाकुंभ प्रयागराज जाने वाले मार्ग में आगे जाम लगा है वाहनों की संख्या बढ़ने के सिंग्नल मिले है जिसके कारण सिवनी जिले की सीमा में धूमा, लखनादौन, छपारा, सिवनी व खवासा में वाहनों को रोका गया है तथा महाकुंभ जाने वाले लोगों के लिए सड़क मार्ग के ढावों, होटलों व रेस्टारेंटों में व्यवस्था करायी जा रही है ताकि किसी तरह की असुविधा ना हो।
सुनील कुमार मेहता
पुलिस अधीक्षक सिवनी
