सिवनी 4 जुलाई 2022 (लोकवाणी)।जिला कांग्रेस द्वारा नगर के ऐतिहासिक गांधी चौक शुक्रवारी में आयोजित सभा में सभी 24 वार्ड के पार्षद पद के प्रत्याशियों के साथ साथ जिला कांग्रेस एवं नगर कांग्रेस, समस्त मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागो के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं सहित बडी संख्या में उपस्थित वार्डो के मतदाताओं के बीच में एक विशाल सभा का आयोजन नगरपालिका चुनावो के मद्देनजर किया गया जिसमें प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजकुमार खुराना, जिला प्रभारी चौधरी गंभीर सिंह, राजकुमार पंजवानी, राजा बघेल, एड़ पंकज शर्मा, प्रसन्नचंद मालू, मो. असलम खान, इमरान पटेल, भुवनेश्वर शुक्ला, मोहनसिंह चंदेल, मुकेश चीकू सक्सेना ने सभा को सम्बोधित किया,सभा का संचालन जेपीएस तिवारी द्वारा किया गया।
सभा को सम्बोधित करते हुये जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजकुमार खुराना ने कहा कि जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद, विधायको के नाम पर वोट मांग रहें है जबकि हमारे 99 प्रतिशत नगरवासियों के पास तो इन नेताओं के फोन नम्बर भी नही होंगे, वही दूसरी ओर हमने आज अपने पूरे पार्षद प्रत्याशियों को इस सभा में इसलिए बुलाया है कि नगरवासी अपनी समस्याओं के लिए इन बडे नेताओं को नही वरन अपने वार्ड के पार्षदों को आशा की नजरो से देखते है और हमारा यह प्रयास है कि हमारे पार्षद प्रत्याशियों को आप पहचाने और हमारे पार्षद आपकी हर समस्या के निदान के लिए आपकी चौखट पर उपस्थित हो। हमारी सोच हमेशा नगर विकास की रही है कांग्रेस हमेशा शहर और जिले को विकसित देखना चाहती है, हमारे जिले एवं शहर में जो भी विकास कार्य दिख रहे है वह कांग्रेस पार्टी की देन है श्री खुराना ने कहा कि भाजपा की स्थिती यह हो गयी है कि पिछले तीन पंचवर्षीय कार्यकाल में हुये तीन अध्यक्षो का इस चुनाव में नाम लेने से भी भाजपा कतरा रही है श्री खुराना ने कहा कि नगरपालिका के चुनावों में भाजपाई जिन योजनाओं के नाम पर वोट मांग रहे उन्हीं योजनाओं को इन्होंने पलीता लगाने में कोई कोर कसर नही छोडी, स्वच्छता अभियान जिसका जीता जागता उदाहरण है। श्री खुराना ने आगे कहा कि आज भी घोषणा पत्र के माध्यम से भाजपा शहर वासियों की आंखो में धूल झोंकने का कार्य कर रही है, केन्द्र सरकार की योजनाओं को भी अपने नगरपालिका के लिए जारी घोषणा पत्र में भाजपाई अपनी उपलब्धि बता रहें हैे पासपोर्ट कार्यालय ओर रेल्वे रैंक पाइंट ओर रेल्वे स्टेशन इनके घोषणा पत्र में नगरपालिका की उपलब्धि के तौर पर दर्ज किये गये है 18 वर्षो से भाजपाई ट्रांसपोर्ट नगर-ट्रांसपोर्ट नगर चिल्ला रहे है किन्तु इन 18 सालो में ट्रांसपोर्ट नगर की जमीन सपाट पडी है आगे श्री खुराना ने कहा कि जिस जलावर्धन योजना में व्यापक सुधार की बात भाजपा के घोषणा पत्र में किया गया है उसमें जिस तरह का भ्रष्टाचार भाजपा शासित नगरपालिका में हुआ है यह सिवनी की जनता अच्छे से जानती है।
श्री खुराना ने कहा कि पहले ये भ्रष्टाचार की गंगा बहाते है फिर उसी कार्य का पुनरीक्षण करने के बात करते है इनके दोहरे मापदण्डों ने सिवनी नगर की दिशा और दशा दोनो बिगाड दी है, श्री खुराना ने नगर की जनता से सभी 24 वार्डो में कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताकर कांग्रेस की नगरपालिका परिषद बनाने की अपील की है। श्री खुराना ने दुष्यंत कुमार की इन चंद लाईनो के साथ अपना भाषण समाप्त किया, कैसे कैसे मंजर नजर आने लगे है, गाते-गाते लोग चिल्लाने लगे है, अब तो इस तालाब का पानी बदल दो-ये कमल के फूल मुरझाने लगे है।।
सभा को सम्बोधित करते हुये सिवनी जिले के प्रभारी पूर्व विधायक श्री चौधरी गंभीर सिंह ने कहा कि मैं लगभग दो महिने से सिवनी शहर के अधिकांश वार्डो में भ्रमण किया, इन नगरपालिका चुनावों में सिवनी शहर के मतदाताओं का रूझान कांग्रेस की ओर है कांग्रेस पार्टी हमेशा जनकल्याणकारी नीतियों के जरिये आम आदमी के भलाई के लिए प्रयासरत रहती है सिवनी शहर में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के शासित रहे अध्यक्षो द्वारा भ्रष्टाचार किया गया, यहा के जनमानस में भाजपा को नगरपालिका चुनावों में करारा जबाव देने का निर्णय ले चुकी है। श्री गंभीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जिस गैस सिलेंडर की कीमत 400 सौ रू. हुआ करती थी उसी गैस सिलेंडर के दाम भाजपा ने आज लगभग 1100 सौ रू. कर दिया इसके बावजूूद भी भाजपाई उज्जवला योजना का ढिंढोरा पीट रहे है।
