सिवनी 22 नवंबर 2022 (लोकवाणी)।हाईवे में अवैध वसूली करने वाले तैनात 2 एएसआई व 4 पुलिस कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार हाइवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और चालानी कार्रवाई करने के लिए यातायात विभाग को इंटरसेप्टर वाहन मिला है। सोमवार को इस वाहन को लखनादौन मार्ग पर वाहनों की रफ्तार चौक करने व चालानी कार्रवाई के लिए लगाया गया था। वहीं यातायात विभाग के पुलिस कर्मी ओवर लोडिंग वाहनों को भी रोक कर अवैध वसूली कर रहे थे। इसी बीच यहां से गुजर रहे एसपी रामजी श्रीवास्तव ने इंटरसेप्टर वाहन के पास अन्य वाहनों की लाइन देखी तो जांच के लिए रुके। तब उन्होंने पाया कि यातायात विभाग के पुलिसकर्मी वाहनों से अवैध वसूली कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इंटरसेप्टर वाहन केवल हाइवे से गुजरने वाले वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने और चालानी कार्रवाई करने के लिए उपयोग किया जाता है। इस वाहन के साथ कार्रवाई करने के लिए तैनात पुलिकर्मी ओवर लोडिंग वाहनों को रोकने व कार्रवाई नहीं कर सकते है। सोमवार को संदिग्ध गतिविधियों और अवैध वसूली करते पाए यातायात के दो एएसआई मुकेश डेहरिया, गौरव मर्सकोले व चार आरक्षक धर्मचंद, राजा पवार, रामता, युवराज नागेश्वर निलंबित किए गए हैं।
