मध्य प्रदेश सिवनी

1977 में अस्तित्व में आई सिवनी लोकसभा सीट का 2009 में हुआ था विलोपन

  • सूर्यप्रकाश विश्वकर्मा
  • – चार बार कांग्रेस तो चार बार जीती थी भाजपा
  • – महज 32 साल में ही विलोपित हो गई सिवनी लोकसभा सीट
  • – तीन बार महिलाओं ने किया सिवनी का प्रतिनिधित्व
    सिवनी 15 अप्रैल (लोकवाणी)। सन् 1977 में अस्तित्व में आई सिवनी लोकसभा सीट महज 32 साल तक ही अस्तित्व में रही है, जहां सन् 2009 में हुए परीसीमन के बाद इस लोकसभा सीट विलोपित हो गई तथा बालाघाट व मंडला सीट में दो-दो विधान सभाओं को समाहित कर दिया गया।
    सन् 1977 के उपरांत 2009 के लोकसभा चुनावों में सिवनी की लोकसभा सीट विलोपित कर दी गई थी। ज्ञात हो कि वर्ष 2001 में हुई जनगणना के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन किया गया था। सिवनी लोकसभा की बात करें तो सन् 1977 में भारतीय लोकदल के निर्मलचंद जैन ने कुल वैध मत 02 लाख 69 हजार 944 में से 01 लाख 57 हजार 123 अर्थात 58.21 फीसदी वोट लिए थे, उनके निकटतम प्रतिद्वंदी ठाकुर रघुराज सिंह जो कांग्रेस के थे उन्होंने 01 लाख 03 हजार 562 अर्थात 38.36 फीसदी वोट लिए थे।
    सन् 1980 के लोकसभा चुनावों में कुल 02 लाख 92 हजार 140 वोट डाले गए थे, जिसमें से कांग्रेस के गार्गीशंकर मिश्र ने 01 लाख 57 हजार 462 वोट अर्थात 53.9 फीसदी वोट हासिल किए थे। उस समय जनता पार्टी की ओर से निर्मलचंद जैन खड़े हुए थे जिन्हें 94 हजार 666 अर्थात 32.4 प्रतिशत वोट मिले थे। 1984 के लोकसभा चुनावों में कुल 03 लाख 49 हजार 433 वोट में से कांग्रेस के गार्गीशंकर मिश्र को 01 लाख 90 हजार 241 अर्थात 54.44 फीसदी तो उनके निकटतम प्रतिद्वंदी पंडित महेश प्रसाद शुक्ला को 01 लाख 38 हजार 191 अर्थात 39.55 फीसदी वोट मिले।
    सन् 1989 के लोकसभा चुनावों में भाजपा और जनता दल के बीच हुए समझौते में सिवनी लोकसभा सीट को जनता दल के खाते में दे दिया गया था। यह समझौता काफी विलंब से हुआ था, इसके पहले ही भाजपा की ओर से प्रहलाद सिंह पटेल को भाजपा का चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया था। इस चुनाव में कुल 04 लाख 41 हजार 708 वोट डाले गए थे, जिसमें से प्रहलाद सिंह पटेल को 02 लाख 04 हजार 916 अर्थात 46.39 फीसदी वोट मिले थे। उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता गार्गीशंकर मिश्र को हराया था, जिन्हें 01 लाख 78 हजार 391 अर्थात 40.39 फीसदी वोट मिले थे। इन चुनावों में जनता दल के मदन तिवारी जो कि भाजपा और जनता दल के अधिकृत उम्मीदवार थे को महज 33 हजार 653 अर्थात 7.62 फीसदी वोट ही मिले।
    सन् 1991 के चुनावों में कांग्रेस की ओर से प्रदेश की कद्दावर नेत्री विमला वर्मा जिन्हें सिवनी में आयरन लेडी के नाम से जाना था और सिवनी की झोली में उन्होंने अनगिनत सौगातें दी थीं इन्हें कांग्रेस ने मैदान में उतारा था। इस चुनाव में कुल 04 लाख 05 हजार 935 वोट डाले गए थे जिसमें से विमला वर्मा को 02 लाख 21 हजार 896 अर्थात 54.66 फीसदी तो तत्कालीन सांसद रहे प्रहलाद सिंह पटेल को 01 लाख 66 हजार 338 अर्थात 40.98 फीसदी वोट मिले थे, जहां विमला वर्मा ने विजयश्री हासिल की थी।सन् 1996 के लोकसभा चुनावों में कुल 06 लाख 01 हजार 275 वोट डाले गए थे, जिसमें से भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार प्रहलाद सिंह पटेल को 02 लाख 62 हजार 373 अर्थात 43.64 फीसदी तो कांग्रेस की सुश्री विमला वर्मा को 01 लाख 97 हजार 526 अर्थात 32.85 फीसदी वोट मिले थे। जहां प्रहलाद पटेल ने जीत हासिल की थी। 1998 के चुनावों में कांग्रेस ने एक बार फिर सिवनी लोकसभा में परचम लहराया। इस चुनाव में कुल 06 लाख 51 हजार 773 मत डाले गए थे। इसमें से कांग्रेस की ओर से सुश्री विमला वर्मा को 03 लाख 12 हजार 97 अर्थात 47.88 फीसदी तो भाजपा के प्रहलाद सिंह पटेल को 02 लाख 88 हजार 376 अर्थात 44.24 फीसदी वोट ही मिल पाए थे और विमला वर्मा जीती थी।
    सन् 1999 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के द्वारा रामनरेश त्रिपाठी को मैदान में उतारा गया, वहीं कांग्रेस से सुश्री विमला वर्मा ही प्रत्याशी थीं। इस चुनाव में कुल 5 लाख 86 हजार 552 वोट डाले गए थे। इसमें रामनरेश त्रिपाठी ने 02 लाख 82 हजार 891 अर्थात 48.23 फीसदी वोट हासिल किए वहीं कांग्रेस की सुश्री विमला वर्मा के द्वारा 02 लाख 66 हजार 957 अर्थात 45.51 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। 1999 के चुनाव के उपरांत सिवनी लोकसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी विजयी नहीं हो पाया।
    वर्ष 2004 में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा ने श्रीमति नीता पटेरिया पर दांव लगाया तो कांग्रेस ने तात्कालीन जबलपुर की महापौर रहीं कल्याणी पाण्डेय को मैदान में उतारा। इस चुनाव में कुल 05 लाख 99 हजार 553 वोट डाले गए थे, जिसमें से श्रीमति नीता पटेरिया के द्वारा 02 लाख 68 हजार 195 तो कल्याणी पाण्डेय के द्वारा 01 लाख 73 हजार 394 वोट लिए थे। इस चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राजेश्वरी उईके के द्वारा 01 लाख 03 हजार 31 वोट हासिल किए गए थे। यहां पर नीता पटेरिया ने जीत हासिल की थी।
    इस तरह सिवनी लोकसभा सीट ने 32 सालों में एक बार भारतीय लोकदल, चार बार कांग्रेस, चार बार भाजपा के प्रत्याशियों को विजयश्री दिलायी थी, इसमें से सन् 1991, 1998 में सुश्री विमला वर्मा एवं 2004 में श्रीमति नीता पटेरिया को सिवनी लोकसभा का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *