सिवनी। जिले की नवागत कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और आगामी रणनीतियों पर विशेष निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप, सुश्री सुनीता खंडायत सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।. .
बैठक की शुरुआत पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा से हुई। कलेक्टर ने मनरेगा,एक बगिया माँ के नाम, खेत तालाब, अमृत सरोवर, पीएम आवास और प्रधानमंत्री जन मन जैसी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को और सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
राजस्व विभाग के लिए उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटान, अतिक्रमण मामलों में लक्ष्य अनुरूप वसूली और नरवाई प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगमों के सीएमओ से शहरी विकास, अतिक्रमण हटाने, टैक्स वसूली और आवास प्लस व अमृत योजनाओं की समीक्षा की गई।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में कक्षा-प्रवेश, बोर्ड परीक्षा परिणाम, साइकिल व लैपटॉप वितरण, पीएम एवं सीएम स्कूलों का संचालन और निर्माणाधीन छात्रावास भवनों की स्थिति शामिल रही। सामाजिक न्याय विभाग को दिव्यांग बच्चों के लिए शिविर आयोजित करने और एल्मको द्वारा 6 अक्टूबर से होने वाले कृत्रिम उपकरण वितरण शिविर की तैयारियों की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मत्स्य विभाग, खाद्य विभाग, कृषि, आयुष, स्वास्थ्य, खेल, लोक निर्माण, जल निगम, जनजातीय कार्य, रोजगार, महिला एवं बाल विकास, खनिज, सहकारी बैंक, उद्योग एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं और प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।



