
सिवनी: कोतवाली में पदस्थ एएसआई 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना सिवनी में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) दिनेश रघुवंशी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त जबलपुर पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने बताया कि आवेदक नंदकिशोर चौरसिया, निवासी ग्राम छीतापार थाना कुरई, ने अपने बेटे अभिषेक चौरसिया के साथ नौकरी दिलाने एवं सरकारी विभाग में वाहन लगाने के नाम पर हुई ठगी और फर्जीवाड़े की शिकायत थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले की जांच कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक दिनेश रघुवंशी के पास थी। आरोप है कि जांच अधिकारी एएसआई दिनेश रघुवंशी द्वारा सही रिपोर्ट तैयार करने एवं फर्जी हस्ताक्षरों की जांच करवाने के बदले 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी 20 हजार रुपये रिश्वत लेने पर राजी हो गया।
पूर्व नियोजित योजना के तहत बुधवार 13 मई 2026 को लोकायुक्त टीम ने बस स्टैंड सिवनी स्थित एक चाय दुकान पर कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई दिनेश रघुवंशी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी), 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस ट्रैप कार्रवाई में दल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।


