
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड अधिकारी कार्यालय धनोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त जबलपुर की एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि आवेदक देवेंद्र कुमार पिता लखनलाल सिरसाम उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम छुई, वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुनवारा, विकासखंड धनोरा में भृत्य पद पर पदस्थ हैं। पूर्व में वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीमगढ़, विकासखंड छपारा में पदस्थ थे, जहां से निलंबन के बाद बहाली हुई थी। निलंबन अवधि के लगभग 14 माह के जीवन निर्वाह भत्ते की राशि करीब 1 लाख 65 हजार रुपये निकालने के लिए उन्होंने विकासखंड अधिकारी कार्यालय धनोरा में संपर्क किया था। आरोप है कि सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे द्वारा कार्य कराने के एवज में 32 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी 25 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया।
योजना के तहत बुधवार 13 मई 2026 को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(बी), 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।



