सिवनी

राज्य आनंद संस्थान द्वारा बबरिया तालाब में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस


सिवनी 05 जून 2022(लोकवाणी)। राज्य आनंद संस्थान मप्र शासन भोपाल के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस पर बबरिया तालाब में रविवार 5 जून को आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य हमारी एकमात्र पृथ्वी, प्रकृति के साथ समरसता से रहना को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की गई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजन के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिवनी पार्थ जायसवाल उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि हमने बीते दिनों में आक्सीजन की कीमत क्या है उसे समझा है और आक्सीजन के लिए पर्यावरण कितना जरूरी है, इसलिए पौधारोपण किया जाकर उसे संरक्षित रखने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित उपसंचालक कृषि  विभाग मोरेशनाथ ने पर्यावरण के संबंध में जानकारी देते हुए आर्गेनिक खेती के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम में उपस्थित अरूण राय ने पर्यावरण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पौधे लगाना बहुत आवश्यक है इससे हमारा जीवन जुड़ा हुआ है। राज्य आनंद संस्थान की मास्टर ट्रेनर नीलम विश्वकर्मा ने पर्यावरण के महत्व को बताते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाने की आवश्यकता नही है आवश्यकता है तो वह जैसा है उसे वैसे ही रहने दिया जाए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण को लेकर राज्य आनदं संस्थान द्वारा छोटी-छोटी गतिविधियां व खेल का आयोजन भी किया गया जिसमें उपस्थित बच्चों को कुर्सी प्रतियोगिता में शामिल किया गया। वहीं बच्चों में पर्यावरण को लेकर पेंटिंग भी की। इन प्रतिभागी बच्चों को जिला पंचायत सीईओ पार्थ जायसवाल द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बबरिया तालाब में उपस्थितजनों को वृक्षारोपण करने तथा उनकी सुरक्षा किए जाने को लेकर शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात नए पौधों का रोपण किया गया तथा पूर्व में लगाए गए वृक्षारोपण की गैप फिलिंग भी की गई। श्रमदान में सभी उपस्थित जनों ने अपनी महती भूमिका निभाते हुए पर्यावरण दिवस को मनाया।
राज्य आनंद संस्थान के द्वारा पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नोडल अधिकारी नीलेश जैन, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग सतेन्द्र मरकाम, जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल, जनपद पंचायत सिवनी के सीईओ अभिषेक सिंह, पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत मानेगांव रामकिशोर यादव, पीएचई के सहायक यंत्री अजय अवस्थी, उपयंत्री आर.के. गवने, जिला पंचायत सिवनी के अनेक अधिकारी, कर्मचारी व राज्य आनंद संस्थान के आनंद सहयोगी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *