सिवनी 21 सितम्बर 2022 (लोकवाणी)।
जिले हेतु स्वीकृत एफएम रिले सेंटर के लिए 100 वाट का रिले ट्रांसमीटर स्वीकृत किया जाकर सिवनी भेजा जा चुका है। आगामी 15 अक्टूबर तक इसे अपर वैनगंगा कालोनी स्थित दूरदर्शन रिले सेंटर मंे स्थापित कर दिया जायेगा।
उक्ताशय की जानकारी केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा पत्र के माध्यम से बालाघाट सिवनी सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन को दी गई है। विगत वर्ष बजट में स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद गत 19 सितम्बर 2022 को 100 वाट का एफएम रिले ट्रांसमीटर सप्लायर द्वारा सिवनी पहुंचा दिया गया है। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री ठाकुर के निर्देशानुसार विभागीय तकनीकी अमला द्वारा 15 अक्टूबर तक इसे वैनगंगा कालोनी स्थित दूरदर्शन रिले सेंटर में स्थापित कर दिया जायेगा। ट्रांसमीटर के स्थापित होने के बाद अब बालाघाट छिंदवाड़ा जिले की तरह सिवनी जिलेवासी भी एफएम बैण्ड का लुफ्त उठा सकेंगे। इस बहुप्रतीक्षित सौगात के लिए सांसद डॉ. बिसेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए जिले वासियों को बधाई दी है।
