सिवनी। कलेक्टर श्री क्षितिज सिंघल ने शनिवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज प्रकरणों, अविवादित नामान्तरण, बटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बंधित एसडीएम एवं तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार को दिये।
कलेक्टर श्री सिंघल ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि 6 माह से अधिक समय से लंबित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाये जाये, सभी राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज किये जायें तथा पोर्टल में प्रकरणवार सम्पूर्ण प्रविष्टियां, पेशियां तथा निराकरण दर्ज किये जायें। उन्होंने अधिकारियों को अविवादित नामान्तरण एवं बटवारा प्रकरणों के भी त्वरित निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने विवादित नामांतरण प्रकरणों को भी सम्बंधित पक्षों के पक्ष को सुनकर पूर्ण संतुष्टि से निराकृत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंघल ने मुख्यमंत्री धरणाधिकार एवं मुख्यमंत्री आवसीय भू-अधिकार योजना की भी अनुविभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के चिन्हांकन कर लाभांवित करने के निर्देश दिये।
