मध्य प्रदेश सिवनी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे संविदा कर्मचारी की वाहन दुर्घटना में मौत, दो अन्य का जबलपुर में उपचार जारी

सिवनी 05 जुलाई 2023 (लोकवाणी)। राजधानी भोपाल में संविदा कर्मचारियों को सौगात देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां से खुशी-खुशी लौट रहे कार में सवार लखनादौन के संविदा कर्मचारियों का वाहन दुर्घटना का शिकार हो जहां लखनादौन के रघुनाथ कालौनी निवासी अनन्त शर्मा (छोटे) का निधन हो गया तथा अन्य दो कर्मचारी घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत लखनादौन के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) महेंद्र लाडिया, उपयंत्री नितिन कविश्वर और स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयक अनंत तिवारी भोपाल से 04 जुलाई की रात अपनी कार एमपी 15 सीबी 4745 में सवार होकर लौट रहे थे तभी नरसिंगपुर जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर ग्राम करेली स्थित दादा कृपा रेस्टारेंट आरटीओ ऑफिस के पास एक ढाबे में चाय पीने महेंद्र लाडिया एवं नितिन कविश्वर रुके, उस समय अनंत शर्मा वाहन की पिछली सीट पर ही सो गए। इस बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे आयशर वाहन क्रमांक आरजे 37 डी 9915 ने खड़े वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में कार में बैठे तीनों व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए। घटना के समय नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार भोपाल से लौट रहे थे, उन्होंने घटना की जानकरी वायरलेस के माध्यम से क्षेत्र के पुलिस थाना व एम्बुलेंस को दी और घायलों को अस्पताल पहुचाने में मदद की।
इस घटना में अनंत शर्मा को सीने व सिर पर गंभीर चोटे आयी और महेन्द्र लढिया व कवीश्वर को घायल अवस्था में नरसिंहपुर से देर रात्रि जबलपुर लाया जाकर मेट्रो हास्पिटल ले जाया जा रहा था उसी समय अनंत शर्मा की रास्ते में ही मौत हो गई तथा महेंद्र लढिया व नितिन कवीश्वर को जबलपुर पहुंचाया जाकर ईलाज किया जा रहा है।
बुधवार को अनंत शर्मा का शव पोस्टमार्टम उपरांत जबलपुर से लखनादौन लाया गया जहां उनका विधिविधान के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में जिले भर के संविदा कर्मचारी व स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *