देश / विदेश मध्य प्रदेश सिवनी

सिवनी में होगी राष्ट्रीय स्तर की अंताक्षरी प्रतियोगिता

– 19-20 सितंबर को एमएम ग्रैंड अग्रोहा लॉन में होगा आयोजन
सिवनी 30 अगस्त (लोकवाणी)। जिला मनोरंजन समिति के तत्वावधान में सिवनी को सांस्कृतिक गतिविधियों का नया आयाम मिलने जा रहा है। आगामी 19 एवं 20 सितंबर को जबलपुर रोड स्थित एम.एम. ग्रैंड अग्रोहा लॉन में राष्ट्रीय स्तर की अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा।
इस मंच पर देशभर से आए गायक-गायिकाएं अपनी आवाज़ और प्रतिभा का जादू बिखेरेंगे। आयोजन समिति का कहना है कि यह प्रतियोगिता स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के लिए भी एक विशेष अवसर होगी। प्रतियोगिता में अधिकतम 30 टीमों को ही भागीदारी का मौका दिया जाएगा। प्रत्येक टीम में ’दो सदस्य होंगे, जो महिला या पुरुष कोई भी हो सकते हैं।
मीडिया प्रभारी देवराज डेहरिया एवं अश्विनी बब्ला मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता हेतु प्रतिभागियों को 3000 रुपये की एंट्री फीस जमा करनी होगी। विजेता टीमों को आकर्षक नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी दी जाएगी, जहां प्रथम पुरस्कार 51,000 रूपये व ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 31,000 रूपये व ट्रॉफी, तृतीय पुरस्कार 21,000 रूपये व ट्रॉफी दिया जायेगा। प्रतिभागियों के ठहरने व भोजन की निःशुल्क व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की गई है। समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि 15 सितंबर तक करानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *