सिवनी 30 अगस्त (लोकवाणी)। जिले के धूमा थाना क्षेत्र में सट्टे का अवैध कारोबार खुलेआम संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जब से नए थाना प्रभारी ने कार्यभार संभाला है, तभी से सट्टा गतिविधियां और तेज़ी से चलने लगी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, धूमा क्षेत्र के कहानी तिरगड़ा, रेंज ऑफिस से लगे क्षेत्र, बरगद के पेड़ के नीचे स्थित चाय दुकान के पीछे, धूमा थाने के पास गोटेगांव बस स्टैंड, नागनदेवरी और दरगड़ा में खुलेआम सट्टा खिलाया जा रहा है। इन स्थानों पर दिन-रात लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध सट्टे के कारण क्षेत्र के युवा तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं और परिवारों पर आर्थिक-सामाजिक संकट गहराता जा रहा है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लोगों का सवाल है कि थाना परिसर के नज़दीक और सार्वजनिक स्थलों पर चल रहे इस अवैध कारोबार पर आखिर रोक क्यों नहीं लगाई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल इस बुराई को बंद कराने और सट्टा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है


