सिवनी 30 अगस्त (लोकवाणी)। जिले की बंडोल पुलिस की तत्परता से थाना क्षेत्र में खेत से चोरी हुई पनडुब्बी मोटर एवं खेती का सामान बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी अर्पित भैरम ने बताया कि गत दिवस 27 अगस्त 2025 को ग्राम बलारपुर निवासी संदीप साहू (उम्र 38 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 अगस्त की मध्यरात्रि में उसके खेत से चार नग पनडुब्बी मोटर एवं खेती का सामान चोरी हो गया। इस पर थाना बंडोल में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान ग्राम बलारपुर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध पिकअप वाहन से चोरों की गतिविधियां सामने आईं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने संदेही सुनील राय (40 वर्ष) निवासी ग्राम छिड़ीया पलारी थाना डूण्डासिवनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास डहेरिया (निवासी टपरा मोहल्ला, जनता नगर) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
बताया गया कि आरोपी से चोरी की गई 4 पनडुब्बी मोटर एवं खेती का सामान (कीमत 88,000 रूपये) और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (मूल्य 4,00,000 रूपये) जब्त किया गया। इस तरह से बंडोल पुलिस ने इस प्रकरण में कुल मिलाकर 4,88,000 रूपये का मशरूका बरामद किया। कार्यवाही उपरांत पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है तथा एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्पित भैरम, सउनि सी. एल. सिगंमारे, प्रधान आरक्षक जयेंद्र बघेल, प्रधान आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक नीरज राजपूत, सतेन्द्र चंद्रवंशी एवं संतोष डहेरिया की भूमिका सराहनीय रही।




