सिवनी, 03 सितंबर 2025।
संजय सरोवर परियोजना (भीमगढ़ बाँध) का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण जल संसाधन विभाग द्वारा बाँध के गेट खोले गए हैं। जानकारी के अनुसार, बाँध का जलस्तर 518.90 मीटर तक पहुँच गया था, जिसे नियंत्रित करने हेतु आज सुबह 9 बजे गेट क्रमांक 4, 5, 6 एवं 7 को 1-1 मीटर (कुल 4 मीटर) खोला गया।
गेट खोलने से लगभग 21,000 क्यूसेक (595 क्यूमेक्स) पानी बैनगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है। विभाग द्वारा बताया गया है कि आगामी समय में अधिक वर्षा होने की स्थिति में जलद्वार और भी अधिक खोले जा सकते हैं।
इस संबंध में जल संसाधन विभाग, केवलारी के कार्यपालन यंत्री पी.एन. नाग ने सूचित किया कि नदी किनारे बसे ग्रामवासियों और संबंधित जिलों को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। प्रभावित जिलों — सिवनी, बालाघाट (मध्यप्रदेश), गोंदिया एवं भंडारा (महाराष्ट्र) — के कलेक्टरों सहित स्थानीय प्रशासन को सूचना प्रेषित की गई है।
राजस्व एवं पुलिस प्रशासन को भी चौकसी बरतने और नदी किनारे रहवासियों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।





