सिवनी 02 सितंबर (लोकवाणी)। रेडक्रास सोसायटी सिवनी की वार्षिक आमसभा का आयोजन जिला मुख्यालय पर कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर सोसायटी के सदस्यों ने सामूहिक रूप से आगामी कार्यकाल के लिए प्रबंध समिति के गठन पर विचार-विमर्श किया। निर्वाचन प्रक्रिया को लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कर सदस्यों द्वारा नाम प्रस्तावित किए गए तथा सर्वसम्मति से समिति का गठन किया गया।

नई जिला प्रबंध समिति में कुल 18 सदस्य चुने गए, जिनमें डॉ. संदीप उपाध्याय, डॉ. श्याम सिंह कुमरे, श्री पुनीत कपूर, प्रेम तिवारी, गजेंद्र डहरवाल, डॉ. बसंत राय, एडवोकेट आनंद साहू, डॉ. प्रतीश अवस्थी, सूर्यप्रकाश विश्वकर्मा, अरुण राय, श्रीमती संगीता उपाध्याय, श्री आशीष माना ठाकुर, डॉ. अभिषेक शुक्ला, विक्रांत दुबे, अनुप मिश्रा, अरुण राठौर, नीलेश जैन एवं बी.के. वर्मा शामिल हैं।
समिति के पदाधिकारियों का चयन भी सर्वसम्मति से किया गया। इसमें डॉ. संदीप उपाध्याय को चेयरमेन, विक्रांत दुबे एवं अनुप मिश्रा को वाइस चेयरमेन, डॉ. प्रतीक अवस्थी को कोषाध्यक्ष तथा अरुण राय को सचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा डॉ. श्याम सिंह कुमरे को जिला प्रतिनिधि (राज्य शाखा प्रबंध समिति) और प्रेम तिवारी को जिला प्रतिनिधि (राज्य शाखा वार्षिक सामान्य सभा) चुना गया।
बैठक का संचालन कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि रेडक्रास सोसायटी समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नवनिर्वाचित समिति से अपेक्षा की जाती है कि वह जिले में स्वास्थ्य एवं सामाजिक कार्यों को और अधिक सशक्त बनाएगी।
निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद आभार प्रदर्शन के साथ आमसभा का समापन किया गया।




