– बंडोल पुलिस ने जब्त की दो मोटर साईकिल
सिवनी। जिले की बंडोल पुलिस ने गत दिवस मुखबिर की सूचना पर ग्राम सिंगोड़ी-जाम रोड तिराहा पर नाकाबंदी की। इस दौरान काले रंग की हीरो होंडा हंक मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 20 एमटी 9099) पर सवार पप्पू उर्फ डिमाकचंद सनोडिया (51) निवासी ग्राम सिमरिया, थाना लखनवाड़ा को रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल से 200 पाव सफेद देशी प्लेन और 100 पाव देशी लाल मसाला, कुल 300 पाव (54 लीटर) देशी शराब जिसकी कीमत लगभग 31 हजार रुपये आंकी गई, बरामद की गई।
थाना प्रभारी अर्पित भैरम ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने यह शराब ग्राम बाबरिया कोहका निवासी रवि उर्फ सूरज डेहरिया (27) से खरीदी होना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से कुल 54 लीटर देशी शराब, हीरो होंडा हंक मोटरसाइकिल (कीमत करीब 80 हजार रुपये) एवं हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (कीमत करीब 60 हजार रुपये) सहित कुल 1,71,000 रुपये का मशरूका जप्त किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ बंडोल पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।




