सिवनी/मंडला। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश के बाद नदी नाले उफान पर है। वहीं कहीं बाढ़ जैसे हालात हैं। इसी बीच मंडला में सोमवार शाम से हो रही लगातार बारिश के कारण थावर जलाशय के पांच गेट खोलने से मंडला सिवनी मार्ग बंद हो गया है। वहीं नैनपुर में थावर नदी पर बना पुल डूब गया है। जिसके कारण पुल को पार करने के लिए वाहनों की कतार लगी है।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सिवनी देवेश बाथम ने बताया कि 23 जुलाई 2024 को मंडला जिले के अंतर्गत थावर जलाशय के गेट खोले गए है। इस कारण थावन नदी नैनपुर पुल पानी का प्रभाह ज्यादा है। इस कारण मंडला से सिवनी जाने वाले वाहन चालकों से आग्रह किया गया है कि वे बालाघाट होते हुए सिवनी पहुंचेंगे तथा सिवनी से मंडला आने वाले वाहन चाालक धनोरा होते हुए पिंडरई होते हुए मंडला पहुंचेंगे, क्योंकि थावर नदी के पुल पर काफी पानी जा रहा है और थावर डैम के गेट और बीजेगांव डैम के गेट भी खोले गए है। इसलिए 24 घंटे पुल पर पानी चलने की संभावना है।
