सिवनी 11 सितंबर (लोकवाणी)। पेंच नेशनल पार्क बाघ दर्शन के लिए देश और विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। कई बार लोग हजारों रुपए खर्च कर पार्क में सफारी करते हैं, लेकिन उन्हें बाघ का दीदार नहीं हो पाता। वहीं, कुछ बार प्रकृति अपने अद्भुत स्वरूप से लोगों को अप्रत्याशित रोमांचक अनुभव दे देती है। ऐसा ही नजारा हाल ही में जिले के केवलारी से उगली रोड स्थित रानी ताल क्षेत्र में दिखाई दिया, जब यात्री बस में बैठे लोगों ने सड़क किनारे दौड़ते हुए बाघ को देखा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही रानी ताल क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी यात्रियों की नजर सड़क के एक किनारे पड़े बाघ पर पड़ी। देखते ही देखते बाघ सड़क किनारे से दौड़ लगाते हुए आगे बढ़ने लगा। कुछ देर तक वह बस के समानांतर भागता रहा और फिर जंगल की ओर निकल गया। इस अप्रत्याशित दृश्य को देखकर यात्री आश्चर्यचकित और रोमांचित हो उठे। कई यात्रियों ने तुरंत अपने मोबाइल निकालकर इस घटना को कैमरे में कैद कर लिया।
बाघ के इस अंदाज को देख यात्रियों में खुशी और डर दोनों का मिश्रित भाव देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई इस रोमांचक नजारे को देखने के बाद उत्साहित था। यात्रियों का कहना था कि पेंच नेशनल पार्क में सफारी करने के बाद भी कई बार बाघ नहीं दिखता, लेकिन सड़क पर सफर करते समय इस तरह बाघ दिख जाना जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



