देश / विदेश मध्य प्रदेश सिवनी

सिवनी हवाला कांड: डीएसपी सहित 11 पुलिस कर्मियों पर एफआईआर, 8 गिरफ्तार

सिवनी 14 अक्टूबर (लोकवाणी )। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में सामने आए चर्चित हवाला कांड में जांच के दौरान नए खुलासे लगातार हो रहे हैं। मंगलवार सुबह लखनवाड़ा थाना पुलिस ने डीएसपी पूजा पांडे सहित कुल 11 पुलिस अमले के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। वहीं 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा तथा शेष तीन की तलाश में पुलिस लगी हुई है।


घटना बीते दिवस 8 अक्टूबर की रात लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के सीलादेही बायपास पर घटी थी। पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से कटनी से नागपुर जा रही एक कार को रोककर हवाला के पैसों से भरे बैग में से रकम का हिस्सा ले लिया था। बताया गया कि रकम लगभग तीन करोड़ रुपये थी।

पुलिसकर्मियों ने डर-धमकाकर आरोपियों से आधी राशि रख ली और अगले दिन तक न तो जब्ती बनाई, न ही वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। जब हवाला कारोबार से जुड़े लोगों ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को सूचना दी, तब पुलिसकर्मियों ने मात्र एक करोड़ 45 लाख रुपये जमा किए।
इस प्रकरण में सिवनी पुलिस ने नागपुर निवासी आकाश जैन से एक करोड़ रुपये और अमन गुरनानी से 25 लाख रुपये जब्त किए हैं। घटना के दिन एक करोड़ 45 लाख रुपये मिलाकर अब तक दो करोड़ 70 लाख रुपये जब्त किए जा चुके हैं। शेष राशि का पता लगाया जा रहा है।
संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर प्रमोद वर्मा ने एसडीओपी पूजा पांडे और बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम सहित 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। मामले की जांच जबलपुर एएसपी आयुष गुप्ता को सौंपी गई थी, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट जबलपुर जोन आईजी को प्रस्तुत की। जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी ने आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
डीआईजी छिंदवाड़ा राकेश सिंह ने मंगलवार की देर शाम को पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि इस प्रकरण में चार सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन किया गया है, जो कि इस गंभीर प्रकरण की जांच में लगी है। प्रकरण में 11 आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 310(2) डकैती, 126(2) ग़लत तरीके से रोकना, 140(3) अपहरण और 61(2) आपराधिक षड्यंत्र के तहत अपराध दर्ज किया गया है तथा इनमें से 08 आरोपी एसडीओपी पूजा पांडे, एसआई अर्पित भैरम, आरक्षक योगेंद्र चौरसिया, नीरज राजपूत और आरक्षक जगदीश यादव, केदार बघेल, माखन इनवाती, सुभाष सदाफल को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा आरक्षक राजेश जंघेला रविंद्र उईके, चालक रितेश की गिरफ्तारी होना बाकी है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आज बुधवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *