सिवनी। जबलपुर कमिश्नर अभय वर्मा ने डिंडोरी के तत्कालीन तहसीलदार बिसन सिंह ठाकुर को पीएम किसान सम्मान निधि में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। ठाकुर वर्तमान में सिवनी के घंसौर में एसडीएम रहे है। उनकी लापरवाही से 283 करोड़ रुपये की क्षति हुई और 3916 अपात्र किसानों को लाभ मिला। घंसौर एसडीएम के निलंबन के बाद लखनादौन के एसडीएम हिमांशू जैन को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
डिंडोरी में तहसीलदार रहते हुए बिसन सिंह ठाकुर पर यह आरोप लगाया गया है कि भारत सरकार द्वारा लघु व सीमांत किसानों के आय संवर्धन के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में भारी गड़बड़ी की गई है। तत्कालीन डिंडोरी तहसीलदार की लापरवाही से अपात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त हुआ और शासन को 283 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। क्षति की राशि में से मात्र 6.85 लाख रुपये की वसूली की गई, जो मात्र 2.42 प्रतिशत है। सत्यापन के दौरान लगभग तीन सौ ऐसे हितग्राही पाए गए, जिनके परिवार के मुखिया के साथ-साथ अन्य सदस्यों को भी लाभ दिया जा रहा था। इनमें से कुछ तो नाबालिग व स्कूल में अध्ययनरत सदस्यों को लाभ दिया गया है। इस गड़बड़ी पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर सिवनी नियत किया गया है।



