- मामला जनपद पंचायत कॉम्पलैक्स निर्माण का …
सिवनी 10 मार्च 2021 (लोकवाणी)। जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल गांधी भवन के पीछे स्थित जनपद पंचायत सिवनी के स्वामित्व वाली भूमि पर करोड़ों रूपये की लागत से शॉपिंग कॉम्पलैक्स का निर्माण करवाया जा रहा है, जहां ठेकेदार द्वारा खुले आम मुख्य मार्ग पर रेत एवं गिट्टी का संग्रहण किया जा रहा है, जो पूर्णत: नियम विरूद्ध है। विगत दिनों पालिका प्रशासन द्वारा मुनादी के माध्यम से सभी नगरवासियों को अवगत कराया गया था कि सड़कों पर रखे मटेरियल से आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है, ऐसा कार्य करने वाले नागरिकों के खिलाफ पालिका ने आर्थिक दंडात्मक कार्यवाही करने की चेतावनी भी थी, लेकिन इसका कोई असर कॉम्पलैक्स निर्माण में लगे ठेकेदार पर पड़ता दिखायी नहीं दे रहा है।
यहां यह बताना आवश्यक है कि गांधी भवन से बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर प्रतिदिन सैंकड़ों बसें एवं टैक्सियां तथा अन्य चौपहिया वाहनों का आवागमन होता है, वहीं स्कूली विद्यार्थी भी इसी सड़क का उपयोग करते है, पहले ही भवन निर्माण मटेरियल का विक्रय करने वाले व्यवसायियों द्वारा सड़क पर कब्जा कर अपने प्रतिष्ठानों का संचालन किया जा रहा है, वहीं इसी मार्ग पर पालिका की जल प्रदाय शाखा द्वारा पेयजल टेंकर भी खड़े किये जाते है, ऐसे में कॉम्पलैक्स निर्माण के लिये रेत और गिट्टी का संग्रहण इस मार्ग पर खतरे को आमंत्रण देता प्रतीत हो रहा है।
पहले ही कॉम्पलैक्स निर्माण में तकनीकी खामियों को लेकर ठेकेदार चर्चा में है, वहीं जिस तरह से उसके द्वारा मुख्य मार्ग पर भवन निर्माण सामग्री का संग्रहण किया गया है, वह स्पष्ट करता है कि कहीं ना कहीं विभागीय अधिकारियों और नगर पालिका सिवनी का लोक निर्माण विभाग ठेकेदार के साथ अपने मधुर संबंधों के कारण कोई कार्यवाही नहीं करता चाहता है, जिससे यह मार्ग दुर्घटना संभावित क्षेत्र में शामिल हो गया है, ऐसा नहीं है कि इस मामले की जानकारी यातायात विभाग को नहीं है, परंतु कार्यवाहियां ना होने से प्रमाण मिलते है कि मुख्यालय में किस तरह विभागीय अधिकारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे है।




